जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय सीएचसी से सोमवार को पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल कराने गया एनडीपीसी एक्ट का आरोपी फरार हो गया। आरोपी के फरार होने के बाद एसओजी सहित तीन टीमें संभावित स्थानों पर दबिश देने के साथ गिरफ्तारी करने की कोशिश में जुटी हैं।
जगदीशपुर थाने के इमलीगांव निवासी मो. शाहिल को रविवार रात वारिशगंज पुलिस चौकी पुलिस ने सालपुर गांव के समीप संदिग्ध देख पकड़ा था। तलाशी में उसके कब्जे से 12 ग्राम स्मैक बरामद हुई। स्मैक बरामद होने के बाद चौकी पुलिस उसे रात में ही कोतवाली में दाखिल करा दिया। चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीसी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया।
सोमवार को उसका चालान न्यायालय भेजने से पहले मेडिकल परीक्षण के लिए सिपाही रंजीत सिंह व पीआरडी जवान राम सुंदर शुक्ल के साथ सीएचसी भेज गया। सीएचसी में डॉ. संजय ने मो. शाहिल का परीक्षण किया। मेडिकल परीक्षण कराकर वापस आते समय अस्पताल परिसर से ही शाहिल पुलिस कर्मी को धक्का देकर अस्पताल की बाउंड्रीवॉल कूदकर फरार हो गया।
पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। एसएचओ राकेश कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के आसपास के इलाके की घेराबंदी कर उसकी खोज की गई लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। एसएचओ ने प्रकरण की सूचना अफसरों को दी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत तीन पुलिस टीमें लगाईं गईं हैं। पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर छापा मार रही है।
हो रही जांच
पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। आरोपी को मेडिकल कराने ले गए सिपाही की भूमिका की भी पड़ताल कराई जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी कर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ़्तार कर लिया जाएगा।
- गौरव सिंह, सीओ