गौरीगंज (अमेठी)। शहरी क्षेत्र में घट रही पेड़ों की संख्या को बढ़ाने के लिए गौरीगंज नगर पालिका परिषद ने पचेहरी में नंदन वन बनाया है। यहां पर अब तक 4 हजार पौध रोपित किए जा चुके हैं। इसमें छायादार वृक्ष के साथ सुगंधित फूल के पौधे भी लगाए जा रहे हैं। साथ ही सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग भी पालिका की ओर से कराई जा रही है। दरअसल, उत्तर प्रदेश क्लाइमेट चेंज एक्शन प्लान के तहत हुए सर्वे में पर्यावरण की दृष्टि से अमेठी को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इस स्थिति से निपटने व पर्यावरण संरक्षण बेहतर बनाने के लिए वन विभाग लगातार अभियान चलाकर पौधरोपण करने में जुटा है। शनिवार को 38.51 लाख पौधे रोपित किए गए हैं। इसके साथ ही नगर पालिका परिक्षेत्र के पचेहरी वार्ड में विकास भवन के सामने सर्वाधिक हरियाली व पर्यावरण की आवश्यकता को देखते हुए नंदन वन तैयार किया जा रहा है। एक हेक्टेयर चिन्हित भूमि पर वन विभाग से पौधे प्राप्त कर नगरीय कर्मी भूमि पर नंदन वन के पौध रोपित करने में जुटे हैं।
नगरीय क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को पर्यावरण के प्रति प्रोत्साहित किया जा सकेगा। नंदन वन में पौधे रोपित होने व तैयार होने से शहरी क्षेत्र में जीवनदायिनी ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ेगी।
इन प्रजातियों के लग रहे पौधे
नंदन वन में मुख्य रूप से फलदार, छायादार, औषधीय तथा सांस्कृतिक महत्व के पौधों को वरीयता दी जाएगी। वन में राष्ट्रीय वृक्ष बरगद व राज्य वृक्ष अशोक के साथ पीपल, पाकड़, गूलर, अशोक, नीम, आम, हरड़, बहेडा, बेल, महुआ, सहजन, आंवला, जामुन, शीशम, इमली, अर्जुन, जामुन प्रजाति के पौधे स्थानीय कृषि जलवायु के अनुसार संबंधित क्षेत्रों में रोपित किए जा रहे है।
सुरक्षा की होगी समुचित व्यवस्था
नंदन वन के तहत रोपित पौधों की सुरक्षा के लिए नगरीय कार्यालय की ओर से प्रभावी घेराबंदी करने के साथ पांच वर्ष तक रोपित पौधों की पूर्ण सुरक्षा की व्यवस्था बनाई गई है। वन में बैठने के साथ पैदल मार्ग, पेयजल के साथ अन्य जनसुविधाओं की भी व्यवस्था की जाएगी। डीएम राकेश कुमार मिश्र, सीडीओ सान्या छाबड़ा ने पौध रोपित कर नंदन वन स्थापना का शुभारंभ किया।
हरियाली का लिया संकल्प
जगदीशपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन चाणक्य एकेडमी गौरीगंज में किया गया। एसोसिएशन की अमेठी शाखा के अध्यक्ष डॉ. संतोष सिंह, डॉ. एसएन सिंह, डॉ. मनीषा सिंह, डॉ. प्रज्ञा बाजपेई, डॉ. प्रदीप तिवारी ने पौधरोपण करके वातावरण को हरा भरा रखने का संकल्प लिया। जिससे हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को एक स्वस्थ समाज दे सकें।
रोपित किए जा रहे पौधे
शासन के निर्देश पर विकास भवन के सामने सुरक्षित भूमि नंदन वन स्थापित करने के लिए पौध रोपित किए जा रहे हैं। वन विभाग की ओर से मिले पौध रोपित कर तैयार करते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम किया जाएगा।
रश्मि सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद गौरीगंज