अमेठी। भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष राहुल दुबे की मौत को लेकर परिवार ने गहरी साजिश का अंदेशा जताया है। बृहस्पतिवार रात बाईपास के पास संदिग्ध हालात में घायल राहुल को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। साथ रहे युवक ने सड़क पर मवेशी से टकराने की बात कही, लेकिन परिजन इसे झूठा बता रहे हैं।
भुसियावां निवासी राहुल रात में अपने मित्र अरविंद यादव के साथ होटल से लौट रहे थे। रास्ते में हादसे की सूचना परिजनों को दी गई। शव का परीक्षण संजय गांधी अस्पताल में कराया गया, जिसमें स्पष्ट आंतरिक चोटों की पुष्टि नहीं हुई। परिजनोंका कहना है कि राहुल के शरीर पर घातक चोट के निशान न होना, जहर देकर हत्या किए जाने की आशंका को बल देता है।
मृतक के चाचा वेद प्रकाश द्विवेदी ने दोस्त को संदेहास्पद भूमिका में बताते हुए कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि राहुल समाजसेवा और संगठन में सक्रियता के चलते युवाओं में तेजी से लोकप्रिय हो रहे थे। कुछ लोगों को यह स्वीकार नहीं था। वे मानते हैं कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि योजनाबद्ध हत्या है। पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए घटनास्थल, होटल परिसर और बाईपास मार्ग पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटाई है।
राहुल के साथ मौजूद युवक की गतिविधियां, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही हैं। सीओ मनोज मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम में मौत से पहले की चोटों की पुष्टि हुई है। विसरा सुरक्षित रखवाया गया है। केस की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है।