गौरीगंज (अमेठी)। मोहनंगज थाना क्षेत्र के रास्तामऊ में मंगलवार की सुबह गांव के पास बाग में युवक का शव मिला था। बुधवार को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में युवक की हत्या गला दबने से होने की पुष्टि हुई है। हालांकि केस दर्ज करने के 24 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ है। खुलासे के लिए गठित तीन टीमें अभी अंधेर में तीर चला रही है।
गांव निवासी अतीक का पुत्र दानिश (18) का शव मंगलवार सुबह गांव के पास स्थित बाग में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आशंका जाहिर की थी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। शव मिलने के बाद एएसपी हरेंद्र कुमार ने परिजन व ग्रामीणों से अलग-अलग पूछताछ की थी। फोरेंसिक टीम भी मौके से नमूना एकत्र किया था।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत गला दबाने के होने की पुष्टि के बाद पुलिस युवक की हत्या मानकर पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। 24 घंटे बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर परिजन गमगीन हैं। खुलासे के लिए गठित तीनों टीमें अंधेरे में तीर चला रही हैं। दानिश की मौत से हर कोई परेशान है तो पुलिस जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
जल्द होगा खुलासा
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट हो गया है कि दानिश की हत्या की गई है। खुलासे के लिए लगाई गई टीमें सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं। जल्द ही हत्या में शामिल आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।
डॉ. इलामारन जी., एसपी