सिंहपुर। कुएं में मिले किशोर के शव के बाद उसके परिजन किशोरी के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। मंगलवार देर रात शव गांव पहुंचने के बाद करीब चार घंटे तक अंतिम संस्कार नहीं हो सका। क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश मिश्रा के निष्पक्ष जांच और दोषी मिलने पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
शिवरतनगंज के एक गांव निवासी किशोर-किशोरी सात अगस्त की शाम घर से निकले थे। मंगलवार को दोनों के शव गांव से करीब दो किलोमीटर दूर बाग स्थित कुएं में मिले थे। पुलिस ने शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे थे। मंगलवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव गांव पहुंचे। किशोरी के परिजनों ने गमगीन माहौल में शव दफना दिया।
बुधवार सुबह किशोर के परिजनों ने किशोरी के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। वे कार्रवाई का आश्वासन मिलने तक अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया। करीब चार घंटे बाद निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर परिजन मान गए और किशोर का अंतिम संस्कार किया गया।
क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश मिश्रा ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है और विसरा सुरक्षित किया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इंसेट
पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। मौत की वजह जानने के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है। सूत्रों के अनुसार, दोनों की मौत चार से पांच दिन पहले होने की आशंका है। विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।