अमेठी सिटी। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन की ओर से राणा सांगा को लेकर दिए गए विवादित बयान को लेकर अब पार्टी के भीतर ही विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने सुमन के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से उन्हें तत्काल पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है।
मीडिया से शनिवार को बातचीत में सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे किसी जनप्रतिनिधि को ऐसा विवादित बयान देना न केवल अशोभनीय है, बल्कि यह देश की संस्कृति और इतिहास का भी अपमान है। राणा सांगा भारत की आत्मा हैं, उनके सम्मान पर सवाल उठाना सीधे-सीधे देश की आत्मा पर चोट करने जैसा है। उन्होंने कहा कि यदि सांसद रामजी लाल सुमन सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो समाजवादी पार्टी को उन्हें पार्टी से बाहर कर देना चाहिए। विधायक ने कहा कि पार्टी की विचारधारा समावेशी और लोकतांत्रिक रही है, लेकिन ऐसे बयान उसकी मूल भावना के विरुद्ध हैं।
राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि जब कोई नेता संविधान की दुहाई देता है, तो उसे अपने कर्तव्यों और मर्यादा का भी ख्याल रखना चाहिए। यदि कोई नेता गुंडे को गुंडई की भाषा में जवाब देने जैसा बयान देता है, तो यह लोकतंत्र की गरिमा और सामाजिक मर्यादा दोनों के खिलाफ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे लोग न केवल समाज को बांटने का कार्य कर रहे हैं, बल्कि इतिहास और राष्ट्र के गौरव को भी ठेस पहुंचा रहे हैं। विधायक ने कहा कि पार्टी को तत्काल कार्रवाई करते हुए ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी नेता मर्यादा की सीमा न लांघे।