गौरीगंज (अमेठी)। वर्ष 2018 में शुरू हुए जन आरोग्य योजना का पूरा लाभ जिले के लोगों को नहीं मिल पा रहा है। आलम यह है कि चार साल बाद भी 6.55 लाख लाभार्थी आयुष्मान कार्ड विहीन हैं। अब स्वास्थ्य विभाग गुरुवार से 30 सितंबर तक विशेष अभियान संचालित होगा, ताकि बचे हुए लोगों के कार्ड बनाए जा सकें।
सीएमओ डॉ. विमलेंदु शेखर ने बताया कि 23 सितंबर 2018 से शुरू हुए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग जिले में चिन्हित 9,05,771 लाभार्थियों में से 2,50,199 लाभाथियों को आयुष्मान कार्ड मुहैया करा चुका है। अभियान के 90,191 लक्षित परिवारों को निशुल्क आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित है। लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा सके इसके लिए 30 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान सीएससी के माध्यम से गांव-गांव कैंप लगाकर चिह्नित लाभार्थी परिवारों के सभी लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
बताया कि गांव में तैनात पंचायत सहायक, आरोग्य मित्र व आशा को लोगों को कैंप तक लाने की जिम्मेदारी देते हुए एक व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाने पर पांच रुपये तो एक परिवार में एक से अधिक सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनवाने पर दस रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
664 पंचायत सहायकों को आयुष्मान कार्ड बनाने का प्रशिक्षण देते हुए 540 को कार्ड बनाने हेतु बीआईएस आईडी पंजीकृत करा दी गई है। लाभार्थियों को निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु आवश्यक दस्तावेज जैसे प्रधानमंत्री का पत्र, मुख्यमंत्री का पत्र, राशन कार्ड, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर आदि की आवश्यकता होगी।
सीएमओ ने बताया कि आर्थिक रूप से पिछड़े हुए परिवारों को पांच लाख रुपये प्रति वर्ष का स्वास्थ्य बीमा इस योजना के माध्यम से प्रदान किया जाता है। लाभार्थी परिवारों को निशुल्क आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराकर लाभार्थी परिवार के पंजीकृत सदस्यों के बीमार होने की स्थिति में इस योजना के अंतर्गत इनपैनल्ड राजकीय तथा प्राइवेट चिकित्सालय में निशुल्क चिकित्सा उपचार प्रदान किया जाता है।