गौरीगंज (अमेठी)। शिवरतनगंज थाने की रिपोर्टिंग पुलिस चौकी इन्हौना के नया 17वां थाना बनने से लोगों को कम भागदौड़ करनी पड़ेगी। नए थाने में क्षेत्र के 27 गांव आएंगे। शासन ने थाना बनाने की मंजूरी दे दी है। अब तक सबसे दूर के गांव के ग्रामीणों को शिवरतनगंज थाने तक जाने के लिए लगभग 15-16 किमी. की दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब लोगों को नए थाने के बनने से आधी दूरी ही तय करनी पड़ेगी।
नए थाने के कार्यक्षेत्र में कुल 27 गांव हैं। इनमें से 22 गांव पूर्व में शिवरतनगंज थाने में तो पांच गांव मोहनगंज थाने में थे। मोहनगंज थाने के राजापुर, फत्तेपुर, भीखीपुर, करनगांव व यूसुफनगर को शामिल किया गया है।
इन्हौना थाने में जिन गांवों को शामिल किया गया है उनमें शिवरतनगंज के इन्हौना, कोटवा, नौखेड़ा, चिलौली, सरैया सलारपुर, अंगुरी, अशरफपुर, सढ़िया, सराय माधौ, शेखनगांव, ओतिया, जियापुर, आजादपुर, महमूद सराय, जिजौली, पिपरी अहमदाबाद, दुबेपुर, डांगी बरवलिया, सुल्तानपुर बहेंगी, रामगंज, धीरापुर व गोपालपुर गांव हैं।
मालूम रहे कि लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित इन्हौना बाजार में शिवरतनगंज थाने की रिपोर्टिंग पुलिस चौकी है। यह इलाका ग्रामीण क्षेत्र की मिश्रित आबादी वाला है। शासन की मंजूरी मिलने की जानकारी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर दी गई है। अब जक जिले की चारों सर्किल में (अमेठी, गौरीगंज, मुसाफिरखाना व तिलोई) चार-चार थानों समेत कुल 16 थाने थे।
एसपी डॉ. इलामरान जी. ने बताया कि इन्हौना के थाना बनने से मिश्रित ग्रामीण आबादी को फायदा मिलेगा। हाइवे पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं व अपराध, जगदीशपुर इंडस्ट्रीयल एरिया से सटा व रायबरेली तथा बाराबंकी जिले का बार्डर होने के चलते अपराधियों से निपटने में आसानी होगी।