शाहगढ़ (अमेठी)। मुंशीगंज क्षेत्र के कोरारी हीरशाह गांव निवासी अयोध्या प्रसाद साहू (60) की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अयोध्या प्रसाद अपनी बीमार पत्नी बुधना देवी के लिए दवा लेने शनिवार को मोपेड से नौगरिवां स्थित सीएचसी गए थे। दवा लेकर लौटते समय सनहा-कोरारी हीरशाह संपर्क मार्ग पर अचानक मवेशी आ जाने के कारण वह नियंत्रण खो बैठे और उनकी मोपेड पेड़ से टकरा गई। हादसे में अयोध्या प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय अयोध्या प्रसाद ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर पर चोट लगने से उनकी मौत हुई है।
इंस्पेक्टर शिवकांत त्रिपाठी ने बताया कि हादसे की सूचना परिजनों को दी गई है। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। अयोध्या प्रसाद की मौत के बाद पत्नी बुधना का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के बेटे कृष्ण कुमार, कैलाश, करुणा शंकर, काशी प्रसाद, केशव राम और सालिक राम सभी दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। एक बेटा कमला प्रसाद की एक वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बेटों को भी हादसे की सूचना दी गई है।