गौरीगंज (अमेठी)। विशुनदासपुर में कलेक्ट्रेट के साथ कर्मियों के आवासीय भवनों का निर्माण चल रहा है। निर्माण कार्य में शिथिलता व मानक विहीन सामग्री प्रयोग की शिकायत पर मंगलवार को डीएम ने निर्माणाधीन भवनों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रयुक्त सामग्री की प्रयोगशाला से जांच कराने के साथ समय से मानक के अनुसार निर्माण कार्य पूरा कर भवन हैंडओवर करने का निर्देश दिया।
21.25 करोड़ की लागत से विशुनदासपुर में निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट आवासीय भवनों का निर्माण कार्यदायी संस्था उत्तरप्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ निर्माण प्रखंड अयोध्या द्वितीय कर रहा है।
निर्माण कार्य समय से पूरा हो सके तथा प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता कायम रहे इसके लिए मंगलवार को डीएम अरुण कुमार ने निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी प्रगति के साथ प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया से संतोषजनक नहीं मिलने पर कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को फटकार लगाई।
कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि टाइप-1 के 32, टाइप-2 के 30, टाइप-3 के आठ, टाइप-4 के चार तथा टाइप-5 के एक आवास (डीएम आवास) का निर्माण कार्य किया जा रहा है। डीएम ने आवास के अतिरिक्त सिक्योरिटी कक्ष, गैराज, स्वीमिंग पूल, पार्किंग, तालाब समेत अन्य कार्य भी जल्द पूरा करने को कहा।
डीएम ने निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों की कोविड जांच कराने तथा श्रम विभाग में पंजीकरण कराने और कोविड संक्रमण बचाव व नियमों का पालन करते हुए मानक के अनुसार निर्माण कार्य पूरा कर भवन हैंडओवर करने का निर्देश दिया।
डीएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होने तथा समय से कार्य पूरा नहीं होने पर रिकवरी की चेतावनी दी है। इस मौके पर एसपी दिनेश सिंह, सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर व एसडीएम गौरीगंज संजीव कुमार मौर्य समेत सभी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे।