अमेठी सिटी। धनतेरस पर खरीदारों की भीड़ ने बाजारों की रौनक में चार चांद लगा दिए। गौरीगंज और अमेठी ही नहीं, रामगंज, जायस, मुसाफिरखाना, दुर्गापुर और जगदीशपुर की बाजारों में देर रात तक खरीदारी होती रही। परंपरागत सामानों के साथ इस बार लोगों ने नए उत्पादों पर भी खुलकर खर्च किया। चांदी के सिक्के, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान खूब बिके। पर्व पर 200 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। व्यापारियों का कहना है कि इस बार जीएसटी में कमी से बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सराफा बाजारों में दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। सोने की बढ़ी कीमतों के बावजूद चांदी के सिक्कों, कछुआ, चम्मच सेट, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और सिल्वर प्लेटेड दीयों की खरीदारी जोरों पर रही। व्यापारी आकाश सोनी ने बताया कि सहालग के लिए पहले से बुक किए गए गहनों की डिलीवरी भी दी गई। खासतौर पर गोल्ड ब्रेसलेट और डायमंड पेंडेंट ग्राहकों की पसंद बने।
बर्तन बाजार में तांबे, स्टील और एल्युमिनियम के नए डिजाइन के सेट ग्राहकों को खूब भाए। बर्तन व्यापारी सचिन कौशल ने बताया कि इस बार कुकिंग सेट, स्टील डिनर सेट, नॉनस्टिक तवा और पीतल के दीये की मांग ज्यादा रही। शोभा यादव ने कहा कि इस बार नए डिजाइन की थालियां और कड़ाही खूब पसंद आईं। विक्रेता राजेश पांडेय ने बताया कि स्टील और तांबे के सेट की मांग सबसे अधिक रही।
बाजारों में सजे दीये, झालर और सजावटी सामानों की बिक्री भी खूब हुई। सुगंधित दीये, क्रिस्टल लाइट्स, घूमने वाली झालरें और मिट्टी के रंगीन झूमर ग्राहकों की पहली पसंद बने। दुकानदारों ने बताया कि स्वदेशी सजावट सामग्री की बिक्री पिछले वर्ष से दोगुनी रही।
खूब बिके मोबाइल व गैजेट्स
गौरीगंज और जायस की बाजार में स्मार्टफोन की बिक्री चरम पर रही। दुकानदार प्रमोद वर्मा ने बताया कि इस बार 5G मोबाइल, ब्लूटूथ ईयरबड्स और स्मार्टवॉच की मांग सबसे अधिक रही। इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी संदीप अग्रवाल ने कहा कि एलईडी टीवी, साउंड बार, आरओ और फ्रिज की बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर रही। कई ग्राहकों ने होम थिएटर और इंडक्शन कुकर भी खरीदे।
लाई, चूरा व बताशा दुकानों पर जुटी भीड़
गौरीगंज, मुसाफिरखाना और अमेठी की प्रमुख बाजार में सजी लाई, चूरा, बताशा और नटरी मिक्स लाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। व्यापारी रामनरेश गुप्ता ने बताया कि इस बार केसर लाई, गुड़ मिक्स लाई और ड्राईफ्रूट चूरा की खूब बिक्री हुई। गौरीगंज और अमेठी के कपड़ा बाजारों में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने कपड़ों की जमकर खरीदारी की। व्यापारी अखिलेश शुक्ल ने बताया कि रेशमी साड़ी, जॉर्जेट सूट, ट्रेंडी कुर्ते और बच्चों के पार्टी वियर की मांग सबसे ज्यादा रही।
बाइक शोरूमो में जुटे खरीदार
धनतेरस पर बाइक शोरूमों में दिनभर ग्राहकों का जमावड़ा रहा। शोरूम संचालक सुधीर सिंह ने बताया कि दिनभर में 150 से अधिक बाइकें बिकीं। इस बार ई स्कूटी और इलेक्ट्रिक बाइक ने लोगों का ध्यान खींचा। ग्राहकों ने ऑफर और गिफ्ट वाउचर का खूब फायदा उठाया। परिवार संग फोटो खिंचवाकर कई लोगों ने नई गाड़ियों की पूजा भी की।
व्यापारियों के चेहरे खिले
गौरीगंज के व्यापारी मुकेश अग्रवाल, रजनीश श्रीवास्तव, अंकुर अग्रवाल और रवि पाठक ने बताया कि इस बार धनतेरस पर कारोबार उम्मीद से बेहतर रहा। इससे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। राजीव जायसवाल ने कहा महंगाई के बावजूद लोग त्योहार पर दिल खोलकर खरीदारी करते हैं। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल ने बताया कि पूरे जिले की बाजार में धनरतेस को लेकर रौनक रही।