गौरीगंज (अमेठी)। कोविड के बढ़ते मरीजों को देखते हुए मंगलवार को जिले के एल-2 व एल-1 अस्पतालों में मॉकड्रिल होगी। एल-2 में शासन से नामित तो एल-1 में सीएमओ की ओर से नामित अफसरों की मौजूदगी में मॉकड्रिल की कवायद पूरी की जाएगी।
जिला अस्पताल परिसर में एल-2 तो फुरसतगंज, शाहगढ़, बाजार शुकुल, संग्रामपुर सीएचसी व ट्राॅमा सेंटर जगदीशपुर को एल-1 के रूप में चिन्हित किया गया है। कोविड की दूसरी लहर के बाद इन अस्पतालों में कोविड संक्रमित मरीज के उपचार के लिए आवश्यक उपकरण व ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कराए गए हैं। शासन की ओर से बीच-बीच में इसकी क्रियाशीलता जांची जाती रही है।
कोरोना संक्रमण बढ़ने पर पूरे प्रदेश में 11 व 12 अप्रैल को नामित अफसरों की मौजूदगी में मॉकड्रिल कराने को कहा गया है। शासन ने एल-2 अस्पताल में मंडलीय अफसर डॉ. अंकुश शुक्ल को तो अन्य पांच एल-1 हॉस्पिटल के लिए सीएमओ डॉ. विमलेेंदु शेखर ने एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद, डॉ. संजय कुमार, डॉ. नवीन मिश्र, व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी संजय कुमार शर्मा व डॉ. प्रदीप तिवारी को नामित किया है।
सभी नामित अफसर मंगलवार को अस्पताल पहुंचकर वहां लगे उपकरणों की क्रियाशीलता, स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण, ऑक्सीजन प्लांट, बेड आदि की हकीकत परखेंगे। खामी मिलने पर उसकी रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी।
10 से पांच के बीच होगी मॉकड्रिल
सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि नामित नोडल अफसर सुबह दस बजे आ जाएंगे। वे अस्पताल व आरटीपीसीआर लैब का निरीक्षण करते हुए सभी उपकरणों की क्रियाशीलता जांचेंगे। कोविड की गाइड लाइन के अनुसार सभी तैयारियों की समीक्षा करते हुए शाम छह बजे रिपोर्ट शासन को भेजेंगे। कहा कि उनके यहां लगे सभी उपकरण क्रियाशील हैं। मॉकड्रिल के संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।