तिलोई (अमेठी)। किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में मोहनगंज पुलिस ने मंगलवार को जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी के भतीजे रवि कुमार और उसके दो साथियों बाबादीन और बहराइच निवासी रामबचन को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
13 जून को पीड़िता की मां ने थाने में तहरीर दी थी कि आठ जून की रात तीनों युवक उसकी 16 वर्षीय बेटी को अपने साथ ले गए थे। किशोरी अगले दिन रायबरेली बस स्टेशन पर मिली थी। परिजन जब थाने पहुंचे तो आरोपियों के राजनीतिक रसूख के चलते सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता और उसकी मां को बार-बार थाने से लेकर एसपी आफिस के चक्कर काटने पड़े। इस बीच समझौते का दबाव भी बनाया गया। पीड़िता की ओर से महिला कल्याण विभाग तक बात पहुंचने के बाद पुलिस ने 13 जून को एफआईआर दर्ज की।
शनिवार को किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराते हुए उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया। सोमवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज हुआ और बाद में किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। कोर्ट में किशोरी के बयान के बाद मोहनगंज पुलिस हरकत में आई और मंगलवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि तीनों को जेल भेजा गया है।
मंत्री का भतीजा और प्रधान का बेटा है रवि
पीड़िता की मां ने रविवार को वीडियो बयान जारी कर बताया कि आरोपी रवि कुमार मौजूदा ग्राम प्रधान रमेश कुमार का बेटा और विधायक सुरेश पासी का भतीजा है। इसी वजह से पुलिस दबाव में थी। महिला ने कहा कि उनसे समझौते के लिए पैसे और जेवर तक का लालच दिया गया, लेकिन वह अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए लड़ रही है। वहीं जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी से बयान लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।