अमेठी सिटी। जिले में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक सार्थक पहल की गई है। इसके चलते युवा कल्याण विभाग के प्रस्ताव पर शासन ने 10 करोड़ रुपये से मुसाफिरखाना के धरौली और सिंहपुर के खारा में दो नए मिनी स्टेडियमों के निर्माण को मंजूरी दी है। आने वाले समय में शेष 10 ब्लॉकों में भी मिनी स्टेडियम बनाए जाने पर सहमति जताई गई हैं। जिनके लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
वर्तमान में जिले में केवल एक मिनी स्टेडियम भादर ब्लॉक के घोरहा गांव में संचालित है। मुसाफिरखाना ब्लॉक के धरौली, सिंहपुर ब्लॉक के खारा और बाजारशुकुल कस्बे में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने प्रारंभिक चरण में दो मिनी स्टेडियमों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। एक मिनी स्टेडियम के निर्माण में पांच करोड़ का खर्च आएगा। नए मिनी स्टेडियमों के निर्माण से जिले में खेल सुविधाओं की कमी को पूरा करने के साथ ही युवाओं की प्रतिभा को निखारने में प्रभावी मदद मिलेगी। जिला युवा कल्याण अधिकारी मयंक पटेल ने बताया कि दो मिनी स्टेडियमों के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। शासन से धनराशि प्राप्त होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यह कदम जिले में खेल के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
मिनी स्टेडियमों में मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
प्रस्तावित मिनी स्टेडियमों में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं का समावेश किया जाएगा। ये सुविधाएं सुनिश्चित करेंगी कि स्थानीय खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए बेहतर ढंग से प्रशिक्षित हो सकें। इसके तहत एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल और क्रिकेट ग्राउंड, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट के साथ ही व्यायाम और फिटनेस सेंटर की स्थापना होगी।
इन ब्लॉकों में प्रस्तावित हैं मिनी स्टेडियम
अमेठी, संग्रामपुर, भेंटुआ, गौरीगंज, जामों, शाहगढ़, जगदीशपुर, बाजारशुकुल, तिलोई और बहादुरपुर में मिनी स्टेडियम के लिए जमीन की तलाश चल रही है। भूमि चिह्नित होने पर शासन को प्रस्ताव भेजा जाना है।