अमेठी सिटी। जिले में शीतलहर का कहर जारी है। बृहस्पतिवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। कोहरा छंटने के बाद धूप निकलने के बजाय पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। दिनभर चलीं सर्द हवाओं से न्यूनतम व अधिकतम तापमान लुढ़क गया।
जिले में बृहस्पतिवार सुबह कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। जरूरी काम से निकले लोग गलनभरी ठंड से परेशान रहे। सर्द हवाओं और गलन के कारण लोगों की कंपकंपी छूटती रही। अगले कुछ दिन तक मौसम सर्द रहने का अनुमान है। इससे हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। इक्का-दुक्का वाहन ही हेडलाइट जलाकर चलते नजर आए। हालांकि पछुआ हवा के जोर पकड़ने से सुबह नौ बजे कोहरा छंट गया। इसके बाद पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे।
दिनभर 4.4 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली उत्तरी-पश्चिमी सर्द पछुआ हवाएं गलन का अहसास कराती रहीं। शाम को बाजारों में रौनक कम हो गई। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे तो धूप नहीं निकली। ऐसे में बाहर निकले लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। डॉक्टर बच्चों व बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 91 और न्यूनतम 74 प्रतिशत रही। बताया कि मध्यम से घने बादल छाए रहने की संभावना है। वर्षा की संभावना नहीं है। हवा सामान्य गति से पश्चिमी चलने की संभावना है, जिससे अभी शीतलहर आगे भी जारी रहने के आसार हैं।