अमेठी। होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 453 अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण 15 अक्तूबर से अमेठी के ककवा मार्ग स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में होगा। जिला कमांडेंट होमगार्ड नीता भारतीय ने चिकित्सा जांच का कार्यक्रम जारी किया है। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सुबह सात से नौ बजे के बीच प्रवेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार, 15 अक्तूबर को 70, 16 अक्तूबर को 70, 17 अक्तूबर को 74, 21 अक्तूबर को 74 और 22 अक्तूबर को 75 पुरुष अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण होगा। वहीं, 23 और 24 अक्तूबर को 45-45 महिला अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी। इस तरह कुल 453 अभ्यर्थियों का परीक्षण निर्धारित किया गया है। मेडिकल परीक्षण में शामिल नहीं हो पाने वाले अभ्यर्थियों को 27 अक्तूबर को दोबारा अवसर दिया जाएगा। 18, 19, 20, 25 और 26 अक्तूबर को अवकाश रहेगा।
जिला कमांडेंट ने बताया कि अभ्यर्थियों को मूल बुलावा पत्र के साथ सभी मूल अभिलेख और उनकी सत्यापित प्रतियां लाना अनिवार्य है। मूल बुलावा पत्र के बिना प्रवेश नहीं मिलेगा। मेडिकल परीक्षण स्थल पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थियों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।