अमेठी सिटी। तिलोई स्थित स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में मंगलवार को प्रथम सत्र की एमबीबीएस कक्षाओं का संचालन शुरू हुआ है। पहले दिन प्रवेशित 43 छात्रों के सापेक्ष 20 छात्रों ने उपस्थिति दर्ज कराते हुए पढ़ाई की।
मेडिकल कॉलेज को एमबीबीएस की 100 सीटें मिली हैं। पूर्व में हुई दो काउंसिलिंग में अब तक 43 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश ले लिया है। मंगलवार से कॉलेज परिसर में परिचय सत्र संग फाउंडेशन कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया। परिचय सत्र की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज प्राचार्या डॉ. रीना शर्मा ने कहा कि सभी छात्र इस संस्थान की पहचान बनेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों को न केवल एक सफल डॉक्टर बनने, बल्कि एक संवेदनशील और मानवता से जुड़े हीलर बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा केवल ज्ञान नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और जिम्मेदारी का मार्ग है। पहले दिन अलग-अलग विभागों के प्रोफेसर ने विभागों, एमबीबीएस के कार्य व्यवहार, चार वर्षों में पढ़ाए जाने वाले 20 विषयों की जानकारी दी। इस दौरान डॉ. कृपा शंकर, डॉ. हिमानी सिंह, डॉ. रितिका सिंह, डॉ. योगेश कुमार, डॉ. शशांक, डॉ. फिरोज आदि मौजूद रहे।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्या डॉ. रीना शर्मा ने बताया कि पहले सत्र की कक्षाओं का शुभारंभ हो गया है। तीसरी काउंसिलिंग में शेष सीटों पर प्रवेश होने के बाद नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू होगा। बताया कि तीन नवंबर से नियमित कक्षाओं के संचालन की उम्मीद है।