10 : गौरीगंज : जामो बाजार स्थित चौराहे पर गुरुवार दोपहर बिना मास्क लगाए चालान काटते दरोगा ।
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। अनलॉक-1 में नियमों का पालन नहीं करने पर जिला व पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। डीएम के आदेश पर पुलिस की ओर से संचालित सात दिवसीय विशेष अभियान में बिना मास्क लगाए बाहर निकलने तथा बिना हेलमेट व प्रपत्र के वाहन लेकर निकलने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को जिले में पुलिस की ओर से बिना मास्क के बाहर मिले 206 लोगों का चालान करते हुए 21 हजार रुपये तो 898 वाहनों का चालान कर 7,350 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
कोरोना महामारी के बीच घोषित अनलॉक-1 में नियमों का पालन नहीं करने वालों पर पुलिस प्रशासन अब कार्रवाई करने में जुट गया है। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर बुधवार को पूरे जिले में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस बिना मास्क लगाए घर से बाहर निकलने वालों तथा बिना हेलमेट व प्रपत्र के मिले वाहनों का चालान करते हुए समन शुल्क भी वसूला। अमेठी में एएसपी दयाराम सरोज ने गांधी चौक पर चेकिंग लगाई तो जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सीओ व एसओ ने चेकिंग किया।
एसपी ने बताया कि बुधवार को चेकिंग अभियान में बिना मास्क के बाहर निकले 206 लोगों का चालान करते हुए 21 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। नियमों का उल्लंघन करने तथा सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं करने पर 59 लोगों का चालान करते हुए 14 हजार 750 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। बताया कि इस दौरान कुल 898 वाहनों को चेक किया गया जबकि 616 वाहनों का ई-चालान किया गया है। प्रपत्र नहीं दिखाने पर चार वाहन सीज किए गए हैं। वाहन चेकिंग के दौरान 7,350 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। एसपी ने कहा कि यह कार्रवाई लगातार चलती रहेगी। नियमों का पालन नहीं करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जामो (अमेठी)। एसपी के निर्देश पर इन दिनों अनलॉक-1 में नियमों का पालन कराने के लिए अभियान के तहत बिना मास्क लगाए बाहर निकलने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ऐसे लोगों को पकड़ने के बाद उनका चालान काटते हुए जुर्माना भी वसूल रही है। नियमों का पालन कराने वाली जिले की पुलिस स्वयं नियम का पालन न कर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने में जुटी है। गुरुवार को जामो के गौरीगंज तिराहे पर चेकिंग कर रहे उप निरीक्षक राम कुमार कटियार स्वयं तो मास्क नहीं लगाए थे लेकिन बिना मास्क के सड़क पर मिले लोगों का चालान काटते दिखाई दिए। हालांकि लोग पुलिस अफसर होने के चलते सामने तो कुछ नहीं कह सके लेकिन इस बात की चर्चा रही खुद नियम तोड़कर ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर रहे हैं। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि नियम सबके लिए एक है चाहे वह पुलिस व प्रशासनिक अफसर हो या फिर आम आदमी। ऐसे पुलिस कर्मियों पर भी जुर्माना लगाया जाएगा।