मोहनगंज के पूरे भीखन शाह में गमगीन मृतक विवाहिता विमलेश के परिजन। स्रोत ग्रामीण
जायस। केसरिया सलीमपुर गांव की विवाहिता विमलेश (20) की संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ने के बाद रायबरेली जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद उसके पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर विषाक्त पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहनगंज के पूरे भीखन शाह निवासी मनीराम ने बताया कि उन्होंने पुत्री विमलेश की शादी 29 अप्रैल 2025 को अरविंद के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति अरविंद और उसकी मां बुलेट तथा दो लाख रुपये की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसकी पिटाई की जाती थी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
मनीराम के अनुसार तीन दिन पहले ही अरविंद उनकी बेटी को मायके से ससुराल ले गया था। वहीं पति अरविंद का कहना है कि मायके से लौटने के बाद विमलेश दोबारा मायके जाने की जिद कर रही थी। शुक्रवार को इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। इसके बाद वह धान की रोपाई के लिए खेत चला गया। लौटने पर पता चला कि विमलेश ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया है। गंभीर हालत में उसे रायबरेली जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने विषाक्त पदार्थ खिलाकर विमलेश की हत्या कर दी है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।