खेत की बैरिकेडिंग में उतरे करंट से विवाहिता की मौत।
- फोटो : संवाद
यूपी के अमेठी में शुक्रवार रात खेत की बैरिकेडिंग में उतरे करंट से विवाहिता की मौत हो गई। वह पति के साथ खेत से घर लौट रही थी। इसी समय पड़ोसी के खेत में लगी बैरिकेडिंग में करंट आ रहा था। तार छूने से उसकी मौत हो गई। पति ने खेत मालिक के खिलाफ तहरीर दी है।
घटना जामों थाना क्षेत्र के जोरवारपुर गांव की है। गांव निवासी श्यामवती (58) की मौत हुई है। पति समर बहादुर गुप्ता ने बताया कि पत्नी उनके साथ रात को खेत से घर लौट रही थी। मेड़ में संतुलन बिगड़ने से वह खेत में लगी बैरिकेडिंग के तार से टकरा गई। उसमें करंट आ रहा था। करंट लगते ही वह अचेत होकर गिर गई।
बताया कि वह खेत सुरेंद्र मिश्रा का है। उन्होंने जानवरों से बचाव के लिए तार की घेराबंदी की है। इसमें जानबूझकर करंट उतारा गया था। घटना के बाद ग्रामीणों ने फोन करके बिजली सप्लाई रुकवाई। महिला को तार से अलग किया। लेकिन, तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
खेत मालिक पर गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज
इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि पति समर बहादुर की तहरीर पर खेत मालिक सुरेंद्र मिश्रा पर गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया है। खेत में बिजली आपूर्ति के वैधानिक पहलुओं की भी जांच की जा रही है। खेत में करंट उतारने की विधिक अनुमति थी या नहीं। इसका भी परीक्षण किया जा रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।