अमेठी सिटी। भोजपुर निवासी गिरिजा शंकर मिश्र ने दरोगा और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। मामला यूकेलिप्टस के पेड़ों की बिक्री से जुड़ा बताया जा रहा है।
गिरिजा शंकर पीपरपुर थाने में चौकीदार हैं। उनका कहना है कि उन्हें शासन से पौधरोपण के लिए पट्टा भूमि मिली थी, जिस पर उन्होंने सफेदा के पेड़ लगाए थे। पेड़ की लकड़ी जब तैयार हुई तो उन्होंने उसे बेचा। आरोप है कि लकड़ी ले जाने के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने विरोध किया और पुलिस बल के सहयोग से रोका। काफी प्रयास के बाद जब वह लकड़ी ले गए तो उसी रंजिश में थाने में तैनात दरोगा ने दो सिपाहियों के साथ उन्हें रास्ते से उठाकर थाने में बैठा लिया।
गिरिजा शंकर ने बताया कि उन पर चोरी का झूठा आरोप लगाने की धमकी दी गई। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को पूर्व में प्रार्थनापत्र भी दिया था। इंस्पेक्टर रामराज कुशवाहा ने बताया कि आरोप फर्जी है। सुरक्षित भूमि पर लगे पेड़ राजस्व विभाग ने ग्राम प्रधान के सुपुर्द किए थे। गिरिजा शंकर ने चोरी से पेड़ कटवा लिए, जिसकी जांच की जा रही है। शांतिभंग के अंदेशे में उसे पाबंद किया है।