फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: ब्रज की गलियों जैसे सजे बाजार

Fri, 15 Aug 2025 01:07 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी नजदीक आते ही शहर के बाजार राधा-कृष्ण के रंग में सराबोर नजर आ रहे हैं। दुकानों में कान्हा-राधा की पोशाकें, लड्डू गोपाल के वस्त्र और शृंगार सामग्री की बिक्री जोरों पर है। बाजार ब्रज की गलियाें की तरह सज गए हैं। कृष्ण भक्तों में जन्माष्टमी पर्व का खुमार अभी से सिर चढ़कर बोल रहा है।
विज्ञापन



16 अगस्त को कृष्ण जन्माष्टमी है, जिसको लेकर अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। गौरीगंज स्थित दुकान संचालिका रागिनी बताती हैं कि इस बार तैयार सेट की सबसे अधिक मांग है, जिनमें पोशाक के साथ मुकुट, माला, बाजूबंद और बांसुरी तक शृंगार का पूरा सामान एक साथ मिलता है।


अभिभावक अपने नन्हे-मुन्नों को कान्हा या राधा के रूप में सजाने के लिए उत्साहित हैं। कान्हा के लिए पीले और हरे रंग के कॉटन कुर्ता-धोती, जिन पर सुनहरी किनारी और मोतियों की सजावट हो, सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है। राधा की पोशाकें गुलाबी, हरे और लाल रंग में उपलब्ध हैं, जिनमें घाघरा-चोली, दुपट्टा और गहनों का पूरा सेट शामिल है। लड्डू गोपाल के लिए पीले रंग के वस्त्र अब भी लोकप्रिय हैं।
विज्ञापन



गौरीगंज के कपड़ा व्यापारी राकेश साहू के अनुसार इस बार मोतियों से सजे झूले और डिजाइनर ड्रेस ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। कई खरीदार अपने बच्चों की नाप और पसंद के अनुसार विशेष ड्रेस ऑर्डर भी करा रहे हैं। बाजार में बांसुरी, मोर मुकुट, कमरपेटी, मोतियों की मालाएं, झुमके, माथा पट्टी और बाजूबंद की भी खूब बिक्री हो रही है। अष्टधातु से बने विशेष वस्त्र और मोतियों से सजे आकर्षक झूले मंदिरों और घरों की सजावट के लिए खरीदे जा रहे हैं।

उधर, शहर के कई स्कूलों में कान्हा-राधा प्रतियोगिताएं और कृष्ण की बाललीलाओं के कार्यक्रम हो रहे हैं। बच्चे कान्हा का रूप धारण कर बांसुरी बजा रहे हैं। बेटियां राधा जैसी रूप सज्जा कर मनमोह रही हैं। अभिभावक भी बच्चों को सजाने-संवारने के लिए पोशाक के साथ गहनों का पूरा सेट खरीद रहे हैं।
विज्ञापन






गौरीगंज बाजार में सामान और कीमत
कान्हा की डिजाइनर पोशाकें 400 से 4000 रुपये
राधा की ड्रेस 200 से 1000 रुपये
कान्हा की ड्रेस 150 से 800 रुपये
लड्डू गोपाल वस्त्र 100 से 2000 रुपये
अष्टधातु के विशेष वस्त्र 3100 से 5100 रुपये
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें