फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: सीबीआई के रडार पर कई अफसर व कर्मचारी

Wed, 24 Jun 2026 12:27 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। बेसिक शिक्षा विभाग के लेखा अनुभाग में सामने आए छह करोड़ रुपये से अधिक के गबन मामले में सीबीआई की जांच तेज हो गई है। आरोपी अभिषेक सिंह से पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर जांच एजेंसी अब वित्तीय लेनदेन और भुगतान प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। सूत्रों के अनुसार कई अधिकारियों को लखनऊ स्थित सीबीआई कार्यालय बुलाकर पूछताछ की गई है, जबकि अन्य से भी पूछताछ की तैयारी चल रही है।
विज्ञापन




सूत्रों का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान भुगतान प्रक्रिया में विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों की भूमिका से जुड़े कई बिंदु जांच एजेंसी के सामने रखे हैं। इसके बाद सीबीआई विभागीय अभिलेखों, बैंकिंग दस्तावेजों और भुगतान रिकॉर्ड का मिलान कर रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि धनराशि के निर्गमन और भुगतान में किन-किन स्तरों पर जिम्मेदारियां तय थीं।

सूत्रों के मुताबिक सीबीआई ने बेसिक शिक्षा विभाग से कई महत्वपूर्ण अभिलेख अपने कब्जे में लिए हैं। इनमें सेवा पुस्तिकाएं, नियुक्ति संबंधी पत्रावलियां, अटैचमेंट आदेश और अन्य विभागीय दस्तावेज शामिल हैं। इसके अलावा कई लोगों के मोबाइल फोन और डिजिटल रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में हैं। कॉल डिटेल, चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
विज्ञापन


जांच एजेंसी की नजर तत्कालीन कनिष्ठ सहायक मनोज मालवीय की भूमिका पर भी है। उनकी तैनाती और वित्तीय कार्यों से जुड़े अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है। सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि तत्कालीन कनिष्ठ सहायक मनोज मालवीय की अमेठी में तैनाती किन परिस्थितियों में हुई थी और उसे क्या जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। इसके लिए अमेठी और बाराबंकी से संबंधित अभिलेख जुटाए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में राशि के विभिन्न खातों में स्थानांतरण और संपत्तियों में निवेश के संकेत भी मिले हैं। सीबीआई विभागीय अभिलेखों, बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों का मिलान कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


लखनऊ में की जा रही पूछताछ
सूत्रों के अनुसार जांच के सिलसिले में कई अधिकारियों और कर्मचारियों को लखनऊ स्थित सीबीआई कार्यालय बुलाया गया है। उनसे भुगतान प्रक्रिया, अभिलेखों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। हालांकि सीबीआई ने किसी भी अधिकारी के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें