अमेठी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र से गुजरने वाले रेल ट्रैक पर सोमवार रात ठेंगहा स्थित मालती नदी के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो पाई। आशंका व्यक्त की जा रही है कि चलती ट्रेन से गिरने से युवक की मौत हुई है।
लखनऊ-वाराणसी रेल खंड के मालती नदी पुल के समीप सोमवार देर रात ट्रेन चालक को ट्रैक किनारे युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। चालक ने मामले की जानकारी मिश्रौली रेलवे स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने युवक की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया।
एसएचओ संदीप राय ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 25 से 30 साल है। बताया कि मृतक के पास कोई आईडी नहीं होने की वजह से पहचान नहीं हो सकी। सिर कुचला होने के चलते देख कर पहचान नहीं हो पा रही है। पहचान करवाने की कोशिश की जा रही है। 72 घंटे तक पहचान नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।