अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रयाग रेलखंड पर सोमवार को ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी हुई। नई दिल्ली-मालदाटाउन एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से पहुंची, जिससे यात्रियों को प्लेटफार्म पर इंतजार करना पड़ा।
गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेन सुबह 4:37 बजे पहुंचनी थी, लेकिन तकनीकी कारणों से सुबह 10:43 बजे आई। पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे विलंब से आई। रविवार रात 11:56 बजे आने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस सोमवार सुबह 3:26 बजे पहुंची। पंजाब मेल 12:19 बजे की जगह 1:50 बजे और डाउन जनता एक्सप्रेस 10:15 बजे की जगह 11:30 बजे पहुंची।
पद्मावत एक्सप्रेस, संगम पैसेंजर और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी एक-एक घंटे की देरी से आई। प्लेटफार्म पर यात्रियों को लंबे इंतजार के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। अमरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह से बच्चे भूख-प्यास से परेशान रहे।
पूछताछ काउंटर पर जानकारी लेने के बाद भी स्पष्ट उत्तर नहीं मिलता। ट्रेनें लगातार लेट हो रही हैं, लेकिन सूचना समय से नहीं दी जाती है। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रेन संचालन से जुड़ी जानकारी लगातार प्रसारित की जा रही है। तकनीकी समस्या से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।