अमेठी सिटी। नवागत एसपी अनूप कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को जिले का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने कार्यालय के सभी पटलों का निरीक्षण किया। पत्रावलियों के रख-रखाव व कर्मियों की कार्य कुशलता भी परखी। निरीक्षण के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब एसपी ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। मूलरूप से बस्ती के रहने वाले 2014 बैंच के आईपीएस अनूप कुमार सिंह मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव का निष्पक्ष व पारदर्शी ढ़ंग से संपन्न कराना उनकी विशेष प्राथमिकता में शामिल है। महिलाओं व बच्चियों से जुड़े अपराधों को रोकने के अलावा लॉ एंड आर्डर दुरुस्त रखना, लोगों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना प्राथमिकता में शामिल है।
एसपी ने कहा कि जिले में अवैध नशे का बड़ा कारोबार व अधिकांश अफसरों के भ्रष्टाचार में डूबे होने की जानकारी मिली है। इस पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को जनसुनवाई कर शिकायतों का निस्तारण अनिवार्य रूप से करना होगा। इस मौके पर एएसपी हरेंद्र कुमार व सीओ गौरीगंज मयंक द्विवेदी समेत अन्य जिम्मेदार अफसर मौजूद रहे।