जगदीशपुर (अमेठी)। औद्योगिक क्षेत्र कठौरा में निर्माणाधीन जिले का पहला महिला डिग्री कॉलेज लॉकडाउन की भेंट चढ़ गया। लॉकडाउन के चलते एक वर्ष पहले शुरू हुआ निर्माण पिछले काफी दिनों से बंद पड़ा है।
अमेठी सांसद/केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रयास से जिले में महिला डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए 7.73 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति शासन से मिली थी। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद औद्योगिक क्षेत्र के कठौरा में कॉलेज निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई। भूमि कॉलेज के नाम दर्ज होने के बाद छह जुलाई 2019 को केंद्रीय मंत्री ने भूमि पूजन कर कॉलेज का शिलान्यास किया था।
शिलान्यास के बाद शुरू हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए समय-समय पर डीएम व शासन से नामित जिले के नोडल अफसरों की ओर से स्थलीय सत्यापन कर गुणवत्ता पूर्ण तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा किए जाने के निर्देश दिए जाते रहे। इस बीच देश में तेजी से फैले कोविड-19 से क्षेत्र में घोषित लॉकडाउन के बाद बंद हुआ निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका।
7.73 करोड़ की लागत से निमार्णाधीन राजकीय कन्या महाविद्यालय का निर्माण उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम निर्माण करवा रही है। संस्थान के जिम्मेदारों के अनुसार अभी तक शासन की ओर से एक करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। कहा कि अवमुक्त राशि से बाउंड्रीवॉल तथा नींव भराई का कार्य चल रहा था। कहा कि जल्द ही बंद पड़ा कार्य शुरू कराते हुए तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराते हुए भवन विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा।