इन्हौना(अमेठी)। धान रोपाई के बाद माइनर कटने से किसानों की फसल जलमग्न हो गई है। दो दिन से किसान स्वयं पटरी बांध फसल बचाने की कोशिश करने में जुटे हैं। लेकिन पानी का बहाव अधिक से होने से किसानों की कोशिश फ्लाप साबित हो रही है। अफसरों को सूचना देने के बावजूद माइनर की पटरी सही कराने के लिए जिम्मेदारों के नहीं पहुंचने से किसानों में आक्रोश है।
तिलोई ब्लॉक क्षेत्र के तिवारीपुर के निकट महेशपुर माइनर की पटरी कटने से सैकड़ों बीघे धान की फसल जलमग्न हो गई है। धान की फसल में पानी भरने से फसल को नुकसान होना तय है। सूचना के दो दिन बाद भी माइनर की पटरी बांधी नहीं जा सकी थी। सेमरौता रजबहा से निकलने वाली महेशपुर माइनर हेड की तरफ होने के चलते पानी भी अधिक जाता है।
नहर विभाग की लापरवाही के चलते किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। किसान रामफेर मिश्रा, भगवान देवी, जय राम, श्यामलाल, हरि भजन, उमाशंकर, पंकज ने बताया कि नहर कटे हुए 2 दिन हो गए हैं । अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी कोई मौके पर नहीं आया जिससे किसानों की फसल जलमग्न हो गई है ।पानी अधिक होने से फसल डूब गई है यदि शीघ्र ही माइनर बंधा कर पानी की निकासी नहीं की जाएगी तो सारी फसल का नुकसान हो जाएगा।
तत्काल सही कराई जाएगी माइनर पटरी
तिलोई ब्लॉक क्षेत्र के तिवारीपुर के निकट महेशपुर माइनर कटने की जानकारी मिली है। तत्काल सिंचाई विभाग के अफसरों को पटरी सही कराने का निर्देश दिया गया है। किसानों को परेशानी नहीं हो इसके लिए नियमित पेट्रोलिंग की भी व्यवस्था करने को कहा गया है।
दिग्विजय सिंह-एसडीएम