अमेठी सिटी। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की ओर से संचालित वर्ष 2026 की सेकेंड्री (मुंशी/मौलवी) और सीनियर सेकेंड्री (आलिम) की परीक्षाएं नौ से 14 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। छह केंद्रों पर 1406 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विकास मौर्य ने बताया कि परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह आठ से 11 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक चलेगी। जिले में मदरसा अशरफुल उलूम पूरे गौहर रानीगंज जगदीशपुर, मदरसा दारुल उलूम गौसिया तेगिया रसूलाबाद मुसाफिरखाना, मदरसा मदीनतुल उलूम तकिया बाबा प्रीतमशाह जायस, मदरसा सिराजुल उलूम लतीफिया निहालगढ़ जगदीशपुर, दरसा ताजुल उलूम समदिया कासिमपुर (गांधी नगर) जायस और राजकीय हाईस्कूल अमेठी को परीक्षा केंद्र बनाया गया हैं।
प्रत्येक केंद्र के लिए एक-एक केंद्र व्यवस्थापक और सह केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किए गए हैं। परीक्षाओं की सुचारू व्यवस्था के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की अध्यक्षता में तीन सचल दलों का गठन किया गया है।