अमेठी। स्थानीय थानाक्षेत्र के बहादुरपुर चौराहे पर एक पागल कुत्ते ने कई लोगों को काटकर घायल कर दिया। सूचना देने के बावजूद मौके पर वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग का कोई अफसर नहीं पहुंचा।
वे एक-दूसरे को जिम्मादार बताते हुए अपना पल्ला झाड़ने में जुटे रहे।
बहादुरपुर चौराहे पर रविवार को एक पागल कुत्ता ने मौजूद लोगों, दुकानदारों एवं राहगीरों को दौड़ा-दौड़ा कर काटकर घायल कर घायल कर दिया। उसने करीब 12 लोगों को काट लिया। दुकानदार मो. ननकऊ नाई सुबह अपनी सैलून की दुकान खोलने जा रहा था, उसी समय अचानक पहुंचे पागल कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया।
चौराहे पर स्थित कल्लूू मोदनवाल की 12 वर्षीय पुत्री खुशी को भी काटने के बाद सामान खरीदने आई पूरे दीक्षित गांव की वृद्ध महिला राजकली व बचना को भी काट कर घायल कर दिया। इसके बाद वह मछली विक्रेता राजकुमार पर टूट पड़ा। देखते ही देखते पूरे चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई।
कुत्ते की दहशत देर शाम तक बनी रही। दुकानदार अपनी दुकानों को समय से पहले बंद कर घर चले गए। लोगों ने वन विभाग को सूचना दी तो क्षेत्रीय वन निरीक्षक ने लोगों से यह कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया कि पालतू जानवरों की जिम्मेदारी पशु चिकित्सा विभाग की होती है। जब लोगों ने पशु चिकित्सा अधिकारी को जानकारी दी तो कहा कि जानवरों को पकड़ने की जिम्मेदारी वन विभाग की है, उनके पास सारी व्यवस्थाएं व टीम मौजूद होतीं हैं।