अमेठी। ग्रामीण अंचल में मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए रविवार को जिले की सभी 30 पीएचसी पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित हुआ। मेेले में 68 चिकित्सकों ने 3,033 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवा दी। मरीजों में 154 लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड तैयार कर वितरित किया गया।
रविवार को 30 पीएचसी पर आयोजित आरोग्य मेले में 1,160 पुरुष, 1,359 महिला और 514 बच्चे उपचार कराने पहुंचे। मेले में सभी मरीजों का परीक्षण चिकित्सकों ने किया। परीक्षण के दौरान बुखार पीड़ित 384, त्वचारोग के 349, गैस्ट्रो के 270, सांस के 218, शुगर के 226 समेत अन्य मरीज आए।
इस दौरान कुल 164 गर्भवती महिलाओं व 41 मरीजों की मलेरिया जांच कराई गई। जांच में किसी भी मरीज में मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई। मेले में आए 154 आयुष्मान लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बनाया गया। उपचार के लिए 68 चिकित्सक व 305 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी।
मेले में चिकित्सकों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने और दवाओं की उपलब्धता जांचने के लिए सीएमओ डॉ. विमलेंदु शेखर ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया। गौरीगंज सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव सौरभ ने भी केंद्र पर आयोजित मेले का निरीक्षण कर मरीजों का उपचार करते हुए ठंड में बचाव की विधि बताई।