गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री।
अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक के जंघई स्टेशन पर चल रहे नॉनइंटरलॉकिंग का काम पूरा होने के बाद तीन सितंबर से निरस्त या परिवर्तित मार्ग से चल रही सभी ट्रेनों का संचालन सोमवार से बहाल हो गया। इससे दैनिक यात्रियों के साथ वाराणसी व लखनऊ सहित अन्य स्टेशन के यात्रियों की परेशानी दूर हुई।
लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक पर पर संचालित अप व डाउन रायबरेली-जौनपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन विभाग ने तीन सितंबर को निरस्त कर दिया था। इसी तरह अप व डाउन पंजाब मेल, लखनऊ-वाराणसी इंटर सिटी एक्सप्रेस, आनंद विहार से दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस, कोलकत्ता-आगरा एक्सप्रेस, दिल्ली- मालदा टाउन, राजधानी एक्सप्रेस, दिल्ली-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस, बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस व मरुधर एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जा रहा था। ऐसे में जिले का प्रमुख साधन ट्रेन निरस्त होने के बाद परिवर्तित मार्ग से संचालित होने से वाराणसी सहित अन्य स्टेशनों के यात्रियों को सर्वाधिक परेशानी हो रही थी। वहीं, दैनिक यात्रियों की लोकप्रिय ट्रेन इंटरसिटी निरस्त होने से उन्हें सड़क मार्ग से निजी साधन से यात्रा करना पड़ रही थी।
सोमवार से यात्रियों की परेशानी दूर हो गई। सभी ट्रेनों का संचालन बहाल होने से गौरीगंज, अमेठी व जायस सहित अन्य स्टेशनों से इन ट्रेनों की यात्रा करने वालों को सुविधा मिलने लगी। दैनिक यात्री सुनील कुमार ने बताया कि ट्रेन बहाल होने के बाद अब ड्यूटी करने में सुविधा होगी। नीलांचल एक्सप्रेस से दिल्ली की यात्रा करने गौरीगंज पहुंचे अमन पांडेय ने बताया कि पहले तो परेशान थे कि लखनऊ से यात्रा करनी होगी, लेकिन पता चला कि ट्रेन का संचालन बहाल हो गया। अब गौरीगंज स्टेशन से यात्रा करने जा रहा हूं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने तीन सितंबर से निरस्त य परिवर्तित मार्ग से चल रहीं ट्रैक की सभी ट्रेनों का परिचालन बहाल होने की पुष्टि की है।