अमेठी सिटी। लखनऊ से रायबरेली, प्रतापगढ़ होते हुए सभी स्टेशनों पर ठहराव के साथ प्रयागराज के लिए संचालित लखनऊ-प्रयागराज संगम ट्रेन के यात्रियों को रविवार को प्रतीक्षा करनी पड़ी। ट्रेन अपने निर्धारित समय से पांच घंटे देरी से गौरीगंज पहुंची। इसके साथ ही पद्मावत एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों का भी विलंब से संचालन हुआ।
लखनऊ-प्रतापगढ़-प्रयागराज रेल ट्रैक पर सिर्फ एक ही ट्रेन ऐसी संचालित है, जो सभी स्टेशनों पर ठहराव के साथ प्रतिदिन लखनऊ से लेकर प्रयागराज तक यात्रा की सुविधा देती है। ट्रेन से बड़ी संख्या में लोग प्रयागराज संगम गंगा स्नान व दर्शन करने के बाद देर शाम वापसी कर लेते हैं। रविवार को इस ट्रेन से यात्रा करने गौरीगंज स्टेशन पहुंचे लोगों को पांच घंटे प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा करनी पड़ी। ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 9:12 बजे के बजाय दोपहर 1:35 बजे पहुंच कर रवाना हुई।
ट्रेन से प्रयागराज की यात्रा करने पहुंचे रामकल्प ने बताया कि सोचा था कि पिृत पक्ष में गंगा तट पर पहुंच कर पिंडदान कर देर शाम घर लौट आएंगे, लेकिन अब तक लगता है कि रात संगम में गुजारनी पड़ेगी। शोभित मिश्र, कृष्ण कुमार ने बताया कि मुंबई के लिए प्रयागराज से शाम चार बजे ट्रेन थी। सोचा था कि इस ट्रेन से आराम से पहुंच जाएंगे, लेकिन लेट होने के बाद प्राइवेट वाहन बुक करवा कर यात्रा करनी पड़ रही है।
इसी तरह दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस भी चार घंटे देरी से गौरीगंज पहुंची। अप व डाउन जनता एक्सप्रेस, पंजाब मेल, मालदा टाउन एक्सप्रेस व नीलांचल एक्सप्रेस भी एक घंटे देरी से गौरीगंज पहुंचकर गंतव्य के लिए रवाना हुई। ऐसे में यात्रियों को प्रतीक्षा करनी पड़ी। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि रविवार को लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर ट्रेन के पांच घंटे देरी से संचालित हुई।