अमेठी सिटी। जिले के सभी 30 पीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित हुआ। मेले में कुल 1930 मरीजों का उपचार किया गया। वहीं, 65 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
संग्रामपुर सीएचसी क्षेत्र स्थित चंडेरिया पीएचसी की व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। पिछले रविवार को लगे मेले में चिकित्सक समेत चार कर्मी अनुपस्थित रहे थे। सीएचसी अधीक्षक ने सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा था। लेकिन इसके बाद भी इस बार मेले में व्यवस्था नहीं सुधरी। मेले में लैब टेक्नीशियन नहीं होने से आए मरीजों की बुखार, डेंगू, मलेरिया आदि की जांचें नहीं हो पाईं। उन्हें सिर्फ दवाओं से ही संतोष करना पड़ा।
मेले में आए चंडेरिया निवासी प्रतीक ने बताया कि उनको कई दिनों से बुखार आ रहा है। जांच नहीं हुई। सिर्फ दवा ही मिली है। अमीना बानो ने बताया कि वह बुखार से पीड़ित हैं। आज यहां आई थीं, लेकिन जांच नहीं हुई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि सिर्फ एक ही एलटी है। मेले में ड्यूटी लगाने पर दूसरे दिन एलटी के नहीं आने से सीएचसी पर कार्य प्रभावित होता है।
वहीं, भेटुआ स्थित शिवगंज पीएचसी पर आयोजित मेले में करीब 12:40 बजे आयुष चिकित्सक डॉ. रामजी, फार्मासिस्ट रवींद्र प्रताप सिंह, एलए सुनील वर्मा मौजूद थे। बारिश के कारण मरीजों की संख्या कम रही। अमेठी के विशेषरगंज स्थित पीएचसी में मेले में आईं इटौरी निवासी कमलेश कुमारी व कटकापुर के रामयश ने बताया कि पहली बार वह मेले में आए हैं। चिकित्सकों ने जांच कर दवा दी है। वहीं, रामगंज पीएचसी पर आयोजित मेले में आईं नरहरपुर निवासी प्रभावती बुखार से पीड़ित थीं। चिकित्सक ने जांच करवाई तो टाइफाइड पॉजिटिव मिलीं। महोना स्थित पीएचसी पर आए बुखार पीड़ित अरुण कुमार, वंदना व मोहम्मद सगीर की जांच हुई तो अरुण टाइफाइड पॉजिटिव मिले।