गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
अमेठी सिटी। ट्रेनों की लेटलतीफी लगातार यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है। बुधवार को लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर ट्रेन तय समय से साढ़े चार घंटे विलंब से गौरीगंज स्टेशन पहुंची। वहीं, वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस भी एक घंटे देर से आई।
लखनऊ से रवाना होने वाली प्रयागराज संगम पैसेंजर जिले के फुरसतगंज, जायस, कासिमपुर, बनी, गौरीगंज, तालाखजुरी, अमेठी, मिसरौली और सहजीपुर हाल्ट पर रुकती है। कम किराया होने के चलते इस ट्रेन से ग्रामीण यात्री ज्यादा सफर करते हैं। यही नहीं, सड़क मार्ग से प्रयागराज संगम की सीधी बस सुविधा उपलब्ध न होने के कारण भी लोग इस ट्रेन पर निर्भर रहते हैं। बुधवार को सुबह 9:13 बजे पहुंचने वाली यह ट्रेन दोपहर 1:43 बजे गौरीगंज पहुंची, जिससे यात्रियों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
गौरीगंज स्टेशन पर यात्रा करने पहुंचे अमरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह प्रयागराज पहुंचना था और शाम को वापस इसी ट्रेन से आना था। अब देरी के कारण रात में घर लौटना मुश्किल हो गया है। कई अन्य यात्रियों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि इस ट्रेन की देरी से परीक्षा, इलाज और अन्य जरूरी काम प्रभावित होते हैं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि प्रयागराज पैसेंजर लखनऊ से ही तकनीकी कारणों से विलंब से चली। उन्होंने कहा कि यात्रियों को समय-समय पर जानकारी दी जा रही है।