अमेठी सिटी। ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए बुधवार को पुलिस ने धार्मिक व सार्वजनिक स्थानों पर लगे लाउडस्पीकरों की जांच की। इस दौरान लाउडस्पीकर की ध्वनि मानक के अनुरूप कराई गई। इसके साथ ही 15 स्थानों से लाउडस्पीकर हटवाए गए।
मई 2022 में मंदिर, मस्जिद सहित सभी धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से अधिक संख्या में लगाए गए लाउडस्पीकरों को हटवाने का अभियान चला था। उस दौरान पुलिस ने अभियान चलाकर 406 लाउडस्पीकर उतरवाए थे।
डीजीपी ने एसपी को पत्र जारी कर अवैध रूप से लगे लाउडस्पीकर हटवाने का निर्देश जारी किया है। 24 नवंबर से जिले में पुलिस ने दोबारा अभियान शुरू किया है। अब तक पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 15 लाउडस्पीकर उतरवाए हैं। अभियान 30 नवंबर तक चलेगा।
एसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि अब तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने 15 लाउडस्पीकर उतरवाए हैं। बताया कि अभियान में 45 डेसिबल ध्वनि तीव्रता से अधिक आवाज में बजने वाले लाउडस्पीकर उतरवाए जा रहे हैं।