अमेठी सिटी। दिल्ली, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद के लिए कन्फर्म टिकट मिलना बेहद कठिन हो गया है। मंगलवार को गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट पाने के लिए यात्रियों की भीड़ लगी रही। अधिकांश ट्रेनों में 20 नवंबर तक वेटिंग है, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर मंगलवार को टिकट खिड़की खुलने से पहले ही कई यात्री लाइन में खड़े मिले। देर रात पहुंचे लोगों को भी लंबी कतार में लगना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि पूरी रात इंतजार करने पर भी सुबह कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। काशी विश्वनाथ, पद्मावत, पंजाब मेल, उद्योगनगरी, वाराणसी-सूरत-मुंबई स्पेशल, भोपाल-प्रतापगढ़ सहित सभी प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। तत्काल कोटे की सीटें कुछ सेकंड में भर जाने से एसी और स्लीपर दोनों श्रेणियों में टिकट मिलना और कठिन हो गया है।
आरक्षण केंद्र पर मिले मोहित, नईम, अंशुल, राजीव और दीपक ने कहा कि टिकट खिड़की सुबह आठ बजे खुलती है। तत्काल कोटे के एसी टिकट सुबह 10 बजे और स्लीपर कोटे का 11 बजे मिलता है। एक दिन पहले से ही लोग जमीन पर चादर बिछाकर बैठ जाते हैं। खिड़की से दो या तीन कन्फर्म टिकट ही मिल पा रहे हैं। बाकी सभी वेटिंग टिकट लेकर लौटते हैं।
स्टेशन कर्मियों का कहना है कि सहालग में यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक हो जाती है। मांग के अनुरूप सीटें उपलब्ध न होने से अधिकतर यात्रियों को वेटिंग टिकट ही मिल रहा है। दिल्ली और मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों के तत्काल टिकट एक या दो मिनट में फुल हो रहे हैं।
पहले आओ, पहले पाओ नियम लागू
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि तत्काल टिकट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर जारी किए जाते हैं। दिल्ली और मुंबई की ट्रेनों की मांग अधिक होने से सीटें कुछ ही मिनट में भर जाती हैं। यात्रियों को सुविधा देने के लिए विभाग प्रयास कर रहा है।