अमेठी में दुर्गा पूजा और विजयदशमी पर घर लौटने वाले यात्रियों की संख्या अभूतपूर्व रही। सभी नियमित और स्पेशल ट्रेनों की सीटें पूरी तरह बुक हैं, जिससे यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अमेठी सिटी। दुर्गा पूजा और विजयदशमी पर्व पर घर लौटने वालों की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग की कोई भी ट्रेन खाली नहीं है। नियमित सेवाओं के साथ स्पेशल ट्रेनों में भी सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। दिल्ली, मुंबई, पंजाब और बंगलूरू जैसे बड़े शहरों से लौटने की योजना बना रहे यात्री कन्फर्म टिकट न मिलने से परेशान हैं।
विज्ञापन
अन्य राज्यों में नौकरी करने वाले लोग हर साल परिवार के साथ त्योहार मनाने घर आते हैं। इस बार भीड़ का आलम यह है कि 15 अक्तूबर तक स्लीपर से लेकर वातानुकूलित कोच तक की सभी सीटें बुक हो चुकी हैं। दिल्ली और मुंबई की ओर जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, उद्योगनगरी एक्सप्रेस और साकेत एक्सप्रेस सहित कई लंबी दूरी की गाड़ियों में वेटिंग बहुत लंबी हो गई है।
पंजाब मेल और बनारस-दिल्ली एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी नो रूम संदेश दिख रहा है। धनबाद-दिल्ली, जोगवनी-आनंद विहार और मुंबई-वाराणसी स्पेशल ट्रेनें भी फुल चल रही हैं। टिकट न मिलने के कारण कुछ लोग सफर टाल रहे हैं तो कई यात्री वेटिंग टिकट पर ही जोखिम उठाकर यात्रा करने की योजना बना रहे हैं। गौरीगंज स्टेशन पर आरक्षण काउंटर के बाहर रोजाना लंबी कतारें लगती हैं।
विज्ञापन
तत्काल टिकट ही एकमात्र विकल्प बचा है, लेकिन यहां भी सीटें मिलना कठिन हो गया है।
त्योहार पर अचानक बढ़ी भीड़ ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी है। समस्या सिर्फ घर आने की ही नहीं है, बल्कि वापसी यात्रा के लिए भी टिकट मिलना बेहद मुश्किल हो रहा है। स्टेशन परिसर में आए यात्रियों ने बताया कि वे घंटों लाइन में लगकर भी खाली हाथ लौट रहे हैं।