जगदीशपुर के निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर साइकिल स्टैंड की दीवार गिरने से दबी बाइकें। -संवाद
जगदीशपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर चल रहे सुंदरीकरण कार्य के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माण सामग्री उतारते समय बेकाबू डस्ट लोडर साइकिल स्टैंड की चारदीवारी से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि चारदीवारी भरभराकर ढह गई और उसके मलबे में दबने से स्टैंड में खड़ीं करीब 14 बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। संयोग रहा कि हादसे के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कार्यदायी संस्था की ओर से एजेंक्स मिक्सर मशीन के लिए डस्ट की ढुलाई कराई जा रही थी। इसी दौरान बिहार के जिला सारण के भेल्दी हकमा गांव निवासी चालक सूरज कुमार वाहन से नियंत्रण खो बैठा और डस्ट लोडर चारदीवारी से जा भिड़ा। हादसे में चारदीवारी और पार्किंग में खड़ी बाइकों को नुकसान पहुंचा।
साइकिल स्टैंड संचालक कुलदीप सिंह की तहरीर पर आरपीएफ पोस्ट निहालगढ़ में चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरपीएफ उपनिरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि वाहन को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। तकनीकी विभाग से क्षति का आकलन मिलने के बाद उसे भी प्रकरण में शामिल किया जाएगा।