अमेठी सिटी। बिजली की सप्लाई लाइन पर फॉल्ट दुरुस्त करने के दौरान लगातार बढ़ रहे करंट लगने के हादसों के बाद चेते ऊर्जा निगम ने लाइनमैनों की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत जिले के सभी 38 विद्युत उपकेंद्रों पर कार्यरत 146 लाइनमैनों को चरणबद्ध तरीके से सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही सुरक्षित कार्य प्रणाली अपनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी शुरू किया गया है। विभाग का मानना है कि नई व्यवस्था से कार्यस्थल पर होने वाले हादसों में कमी आएगी और कर्मचारियों की सुरक्षा बेहतर होगी।
नई व्यवस्था के तहत लाइन पर किसी भी प्रकार का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराया जाएगा। कर्मचारियों को लाइन शटडाउन लेने, अर्थिंग करने, उपकरणों का सुरक्षित उपयोग, जोखिम की पहचान और आपात स्थिति में बचाव के तरीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ही कर्मचारियों को फील्ड में भेजा जाएगा। विभागीय अधिकारियों को भी सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में बिजली आपूर्ति बनाए रखने में लाइनमैन सबसे अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहली बार सभी उपकेंद्रों पर एक समान सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। विभाग का कहना है कि सुरक्षित कार्य संस्कृति विकसित करने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण और सुरक्षा ऑडिट भी कराए जाएंगे।
सुरक्षा के इंतजाम और सावधानियां
करंट से बचने के लिए लाइनमैनों को सेफ्टी हेलमेट, इंसुलेटेड रबर के दस्ताने, सेफ्टी शूज, फुल बॉडी सेफ्टी बेल्ट (हार्नेस), रिफ्लेक्टिव जैकेट, वोल्टेज टेस्टर, इंसुलेटेड हैंड टूल्स और अर्थिंग उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रत्येक कर्मचारी को शटडाउन की प्रक्रिया, अर्थिंग, सुरक्षित तरीके से लाइन पर कार्य करने और आपात स्थिति में बचाव का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। जेई और एसडीओ भी नियमित रूप से सुरक्षा मानकों के पालन की निगरानी कर रहे हैं।
करंट लगने के हादसों ने बढ़ाई चिंता
07 मई 2024 : जगदीशपुर में आउटसोर्सिंग लाइनमैन विजय कुमार की करंट लगने से मौत।
23 मई 2024 : पीठीपुर उपकेंद्र के रामगढ़ फीडर पर मरम्मत के दौरान लाइनमैन की मौत।
14 जुलाई 2024 : गौरीगंज क्षेत्र में लाइन पर कार्य करते समय लाइनमैन कुलदीप की करंट लगने से मौत।
15 जून 2026 : महमूदपुर में फॉल्ट ठीक करते समय संविदाकर्मी शिवकुमार गुप्ता की करंट लगने से मौत।
लाइनमैनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी लाइनमैनों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रत्येक उपकेंद्र पर सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा होगी और कार्य के दौरान निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। कर्मचारियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।