अमेठी सिटी। गौरीगंज के रामगंज कौहार स्थित सैनिक स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पटनी की मंगलवार शाम स्कूल परिसर में पिटाई कर दी गई। उन्होंने क्वार्टर मास्टर पुनीत कुमार सेन पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पटनी के अनुसार, मंगलवार शाम वह अकादमिक ब्लॉक के सामने टहलते हुए मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान पुनीत कुमार सेन ने पीछे से उनका कॉलर पकड़ लिया और स्टील के भारी दूध के बर्तन से सिर के पिछले हिस्से पर कई वार किए। हमले में वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी ने उनकी पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि हमले के दौरान आरोपी ने उनका मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे विद्यालय के कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। इसके बाद प्रधानाचार्य समेत अन्य कर्मचारी भी वहां पहुंचे। लेफ्टिनेंट कर्नल ने क्वार्टर मास्टर पर स्कूल परिसर में असलहा रखने और पूर्व में भी कर्मचारियों के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई को हुई एक घटना के संबंध में भी आरोपी की विभागीय जांच चल रही है। क्षेत्राधिकारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।