अमेठी सिटी। जिले की 188 ग्राम पंचायतोंं में पुस्तकालय खुलेंगे, जहां युवाओं के लिए प्रतियोगी पुस्तकों के साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी की भी व्यवस्था रहेगी। इसके लिए जिला स्तर पर कमेटी का भी गठन कर दिया गया है, जो पुस्तकालयों की देखरेख करेगी।
जिले में पुस्तकालय स्थापना के लिए केंद्र सरकार की ओर से बजट जारी किया गया है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन मिल सकेंगे। साथ ही, कंप्यूटर की व्यवस्था से उन्हें डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा गांव में ही मिल जाएगी। इसके लिए उन्हें शहर या बड़ी बाजार में जाने की जहमत नहीं उठानी होगी। पुस्तकालय के लिए उन्हीं गांवों का चयन किया गया है, जहां पंचायत भवन में अलग कक्ष की व्यवस्था है।
पंचायतीराज विभाग की ओर से पांच लाख रुपये प्रत्येक ग्राम पंचायत में खर्च किए जाएंगे। इसमें से दो लाख रुपये किताबों के लिए, एक लाख कंप्यूटर व दो लाख रुपये अन्य सुविधाओं के लिए खर्च होंगे। इसके लिए अगले चरण में किताबों की खरीद की जानी है। इसी के साथ बैठने के लिए कुर्सियां, कंप्यूटर व अन्य आवश्यक व्यवस्था होगी। ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव व पंचायत सहायक की देखरेख में पुस्तकालय का संचालन किया जाएगा। डीपीआरओ मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि पुस्तकालय का सबसे ज्यादा लाभ युवा पीढ़ी व विद्यार्थियों को मिलेगा। वहीं हर वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकेंगे।