गौरीगंज (अमेठी)। जिला अस्पताल में ब्लड बैंक की स्थापना के लिए नए पदों के सृजन के लिए कवायद जोरों पर है। पिछले दिनों सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल की मांग पर महानिदेशक ने शासन को पत्र भेजकर 19 पदों का सृजन करते हुए प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति की मांग की है।
जुलाई 2010 में जिले का गठन होने के बाद सीएचसी भवन में जिला अस्पताल का संचालन हो रहा था। संयुक्त जिला अस्पताल का नये भवन बनने के बाद 2020 में अस्पताल वहां शिफ्ट कर संचालित की जा रही है। जिले में ब्लड बैंक नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। बता दें कि लगातार हो रहे पत्राचार व मांग के बाद 2022 में शासन द्वारा जिला अस्पताल में ब्लड बैंक संचालन करने की स्वीकृति दी गई थी।
शासन से स्वीकृति मिलने के बाद उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कारपोरेशन को ब्लड बैंक में उपकरणों के आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई। जिम्मेदारी मिलने के बाद कारपोरेशन द्वारा धीमी गति से उपकरणों की आपूर्ति की जा रही है। ब्लड बैंक में लगने वाले प्रकार के उपकरणों के सापेक्ष कारपोरेशन अब तक पूरी तरह आपूर्ति नहीं कर सका है।
पिछले दिनों सीएमएस ने 19 नए पदों के सृजन के लिए महानिदेशक को पत्र भेजा था। सीएमएस के पत्र के आधार पर महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं लिली सिंह ने 28 मार्च 2023 को शासन को पत्र भेजा है।
सृजित होंगे यह पदजिला अस्पताल की ब्लड बैंक में एक वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट, तीन डॉक्टर, तीन स्टॉफ नर्स, एक फार्मासिस्ट, तीन लैब टेक्नीशियन, एक कनिष्ठ सहायक, छह लैब असिस्टेंट व एक पीआरओ पद के सृजन की मांग की गई है।
मिलेगी सुविधा
सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि ब्लड बैंक संचालन की कवायद जिले से लेकर शासन स्तर तक तेजी से चल रही है। संचालन शुरू हो जाने से जिले की करीब 22 लाख आबादी को इसका लाभ मिलेगा। अस्पताल में ब्लड बैंक की विंग सुरक्षित है। लाइसेंस मिलते ही संचालन शुरू करा दिया जाएगा।