मुसाफिरखाना तहसील में प्रदर्शन करते अधिवक्ता। स्रोत संगठन
मुसाफिरखाना। तहसील परिसर में सोमवार को अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के कारण न्यायिक कार्य ठप रहा। आंदोलन के चलते विभिन्न अदालतों में सूचीबद्ध मुकदमों की सुनवाई नहीं हो सकी। दिनभर न्यायिक कार्य प्रभावित रहने से दूरदराज से आए वादकारियों को परेशानी हुई।
बार एसोसिएशन के सचिव राजीव कुमार तिवारी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील कार्यालय और मुख्य द्वार पर नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का असर पूरे न्यायिक तंत्र पर साफ दिखा। एसडीएम अदालत में 15, एसडीएम न्यायिक अदालत में 89, तहसीलदार अदालत में 43, नायब तहसीलदार मुसाफिरखाना अदालत में 15 तथा नायब तहसीलदार जगदीशपुर अदालत में 79 मुकदमे सूचीबद्ध थे, लेकिन एक भी मामले की सुनवाई नहीं हो सकी।
प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम के व्यवहार पर आपत्ति जताई और कहा कि इसी कारण बार-बार टकराव की स्थिति बन रही है। प्रदर्शन में संजय कुमार शुक्ला, अंजनी मिश्रा, केके सिंह, बृजेश शुक्ल, जगदीश प्रसाद सरोज, मनोज यादव आदि अधिवक्ता शामिल रहे।