अमेठी सिटी। तिलोई में तैनात लेखपाल के व्यवहार से नाराज अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को तहसील परिसर का घेराव किया। उन्होंने जुलूस निकालते हुए प्रशासनिक रवैये पर नाराजगी जताई और लेखपाल के स्थानांतरण की मांग दोहराई।
अधिवक्ता पवन कुमार शुक्ला से एक लेखपाल ने अनुचित भाषा में बातचीत की थी। प्रकरण सामने आने के बाद तहसील बार संघ ने तत्काल बैठक कर तीन दिन के भीतर लेखपाल को हटाने की मांग रखी थी। निर्धारित समय बीतने के बावजूद कार्रवाई न होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया। बृहस्पतिवार को अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जुलूस निकालते हुए प्रशासनिक अमले पर लेखपाल को संरक्षण मिलने का आरोप लगाया।
वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि अब संघर्ष का रास्ता अपनाया जाएगा और पूरे अधिवक्ता समुदाय की एकजुटता से साथी को न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बार संघ की विशेष बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इस मौके पर महासचिव सुरेंद्र शुक्ला, रामकृष्ण भारतीय, राम सिंह, संजय कुमार, गणेश शुक्ला, अरविंद पांडेय, रणविजय सिंह, पंकज अवस्थी, विजय शुक्ला, शिवहर्ष सिंह, घनश्याम मिश्रा, संजय मिश्रा, लालू शुक्ला, ध्यानमूर्ति यादव, विनोद यादव, शिवकुमार सिंह, अभिषेक सिंह, श्याम जायसवाल, शिवमूर्ति जायसवाल, विवेक पांडेय आदि उपस्थित रहे।