अमेठी। स्थानीय तहसील परिसर में मंगलवार को अधिवक्ताओं ने भ्रष्टाचार और अफसरों की कार्यशैली के विरोध में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने एसडीएम न्यायिक, तहसीलदार व नायब तहसीलदार कोर्ट में न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर दिया।
अमेठी बार एसोसिएशन के सचिव उपेंद्र शुक्ला की अगुवाई में मंगलवार को अधिवक्ता भ्रष्टाचार और उप जिला मजिस्ट्रेट न्यायिक, तहसीलदार व नायब तहसीलदार की कार्यशैली के विरोध में आक्रोशित हो गए। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार बार एसोसिएशन के सदस्यों का सम्मान नहीं करते हैं। कोर्ट में गलत निर्णय कर रहे हैं। सचिव ने कहा कि एसडीएम न्यायिक ने एक पत्र दिया है जो कि उनको पत्र देने का अधिकार नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे यहां बार काउंसिल का सदस्य आ रहा है या अधिवक्ताओं व उनके परिजनों के साथ अनहोनी होने पर कंडोलेंस होता है। जिस पर एसडीएम न्यायिक इस दशा में कोर्ट चलाने की बात कहते हैं। अधिवक्ता इससे खफा हैं। तीनों कोर्ट के अधिकारी अधिवक्ताओं का सम्मान व सहयोग नहीं करते और सीनियर अधिवक्ताओं की बातों को अनसुना करते हैं। इसी को लेकर प्रदर्शन किया गया है। सचिव ने कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान की रक्षा के लिए बेमियादी आंदोलन के लिए हम सभी को बाध्य होना पड़ेगा। बताया कि अधिवक्ता न्याय कार्य से विरत रहेंगे। इस मौके पर त्रियुगी नारायण मिश्र, जगदंबा प्रसाद शुक्ल, धर्मेंद्रनाथ शुक्ल, अजय तिवारी, शिव शंकर शुक्ल आदि मौजूद रहे।