तिलोई तहसील परिसर में लेखपाल के विरोध में प्रदर्शन करते अधिवक्ता।-संवाद
तिलोई (अमेठी)। तिलोई तहसील में तैनात लेखपाल अखंड प्रताप सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े अधिवक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने पांचवें दिन भी न्यायिक कार्य नहीं किया, जिससे वादकारियों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर बहादुर सिंह की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। लेखपाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं का आरोप है कि लेखपाल न सिर्फ बदसुलूकी करता है, बल्कि रिपोर्ट के एवज में वसूली भी करता है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे लेखपाल का मनोबल बढ़ गया है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायिक प्रक्रिया में लेखपाल की भूमिका अहम होती है, लेकिन उसका व्यवहार अपमानजनक है। बीते बुधवार से अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत हैं। इस बीच मंगलवार को बार की बैठक में निर्णय लिया गया कि बुधवार को संगठन के जिला महामंत्री सुरेंद्र कुमार की अगुवाई में अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। बैठक में अधिवक्ता अरविंद शुक्ला, रामकृष्ण भारती, अंशुमान बाजपेयी, रणविजय सिंह आदि मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।