नीलांचल एक्सप्रेस नौ घंटे तो संगम दो घंटे देरी से पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीगंज (अमेठी)। गर्मी में ट्रेनों का संचालन समय से नहीं हो पा रहा है। बुधवार को अधिकांश ट्रेनें विलंब से संचालित हुईं। ऐसे में यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। दैनिक यात्री विलंब से ड्यूटी पर पहुंचे तो जरूरी काम से निकले लोग भी समय से नहीं पहुंच पाए।
लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणासी/ प्रयाग रेल ट्रैक पर बुधवार को अप साइड (लखनऊ जाने) वाली 13 तो डाउन साइड (लखनऊ से आने वाली) 11 ट्रेनों का संचालन हुआ। पुरी से दिल्ली जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस नौ घंटे विलंब से संचालित हुई। यह ट्रेन सुबह 10:40 बजे तक नहीं पहुंच पाई। इसी तरह मरुधर एक्सप्रेस 1 घंटा 20 मिनट व पंजाब मेल 30 मिनट विलंब से संचालित हुई। डाउन साइड में दिल्ली-प्रतापगढ़ व लखनऊ-प्रयागराज संगम दो घंटे, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी 1 घंटे 20 मिनट तो जनता व पंजाब मेल एक घंटे विलंब से गौरीगंज स्टेशन पहुंची। ट्रेनों के विलंब से संचालित होने से दैनिक यात्री समय से अपने कार्यस्थल नहीं पहुुंच पाए तो अन्य यात्रियों को भी दिक्कत हुई। सर्वाधिक परेशानी गर्मी में प्लेटफाॅर्म पर बैठ कर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को उठानी पड़ी। स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रेनों के आगमन व प्रस्थान समय का प्रसार किया जा रहा है। प्लेटफाॅर्म पर प्रतीक्षा करने की बजाए यात्रियों को वेटिंग रूम में ट्रेन की प्रतीक्षा करने का अनुरोध किया जा रहा है।