अमेठी। थाना क्षेत्र के रानीगंज बाजार में रविवार रात संदिग्ध दशा में दुकान में आग लग गई। आग की लपटें देख लोगों ने मामले की सूचना फायर ब्रिगेड को देते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। फायर कर्मियों की मदद से जब तक आग पर काबू पाया जाता दुकान में मौजूद दस हजार नगदी समेत करीब लाखों का सामान जल गया। दुकान स्वामी की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
जगदीशपुर कस्बा निवासी मोहम्मद जशीम रानीगंज कस्बे में फकरुद्दीन के मकान में दुकान किराए पर लेकर गोल्डेन गद्दा के नाम से प्रतिष्ठान संचालित करते हैं। रविवार शाम जशीम प्रतिष्ठान बंद कर अपने घर चले गए थे। रात में संदिग्ध दशा में दुकान में आग लग गई।
आग की लपटें देख लोगों ने मामले की जानकारी जशीम के साथ फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मी लोगों की मदद से जब तक आग पर काबू पाते तब तक दुकान में मौजूद 10 हजार रुपये नगद के साथ उसमें रखे करीब पांच लाख रुपये कीमत की रजाई, गद्दा, रुई, तकिया, कपड़ा, फर्नीचर जलकर राख हो गया।
सूचना पर पहुंचे जशीम ने बताया कि बिल्डिंग में बिजली का कनेक्शन नहीं है और न ही मकान के पास से कोई विद्युत तार गुजरा है। बावजूद इसके आग कैसे लगी यह समझ में नहीं आ रही है। जशीम ने दुकान में संदिग्ध दशा में आग लगने का केस दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद आग लगने के सही कारणों का पता चलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।