जामों। बकाया मजदूरी मांगने पर हुए हमले में घायल जामों क्षेत्र के सूखीबाजगढ़ गांव निवासी हरिशंकर विश्वकर्मा (48) की सोमवार सुबह लखनऊ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने पहले से दर्ज रिपोर्ट में हत्या की धारा बढ़ाई है। आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया।
मृतक के बेटे सचिन ने बताया कि उनके पिता गांव निवासी अर्जुन की दुकान पर काम करते थे। करीब आठ माह की मजदूरी के लगभग 10 हजार रुपये बकाया थे। 20 जून को रुपये मांगने पर अर्जुन ने कथित रूप से लोहे के हथौड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां से लखनऊ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि मौत के बाद मामले में हत्या की धारा बढ़ाकर आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त हथौड़ा बरामद कर आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।